जयपुर 24 अक्टूबर, 2020। कोविड के खिलाफ चलाए जा रहे जन आन्दोलन में शुुक्रवार को जिला कलक्टर श्री अन्तर सिंह नेहरा ने रोटरी क्लब मेट्रो के अभियान ‘‘उचित दूरी मास्क जरूरी ’’ अभियान का शुभारम्भ किया। श्री नेहरा ने बताया कि क्लब द्वारा जिला प्रशासन को 20 हजार मास्क भी सौंपे गए हैं जिन्हें नगर निगम चुनाव में काम लिया जाएगा।
श्री नेहरा ने ‘‘उचित दूरी मास्क जरूरी ’’ स्टिकर का विमोचन किया एवं जिला कलक्टे्रट में चस्पा कर इस अभियान को प्रारम्भ किया। उन्होंने बताया कि जयपुर नगर निगम हैरिटेज एवं ग्रेटर के आम चुनाव 2020 में कोविड सम्बन्धी गाइडलाइन की पालना की जा रही है। क्लब द्वारा प्रदान किए गए 20 हजार मास्क निर्वाचन में लगे हुए कार्मिकों का प्रदान किए जाएंगे। उन्होेंने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की आशा व्यक्त की।
इस अवसर पर रोटरी क्लब जयपुर मेट्रो के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के अन्तर्गत जयपुर शहर में करीब 30 हजार कारों, जीपाेंं एवं अन्य वाहनों पर ‘‘उचित दूरी मास्क जरूरी’’ संदेश वाले स्टिकर चस्पा किए जाएंगे। उन्होंने सभी से बाहर निकलते समय मास्क एवं उचित दूरी के नियम की अनिवार्यतः पालना करने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि क्लब की ओर से पहले भी नो मास्क नो एंट्री के स्टिकर विभिन्न प्रतिष्ठानों, कार्यालयों एवं अन्य स्थानों पर चस्पा कराए गए हैं और यह अभियान जारी रहेगा। रोटरी के असिस्टेंट गर्वनर गौरव धामाणी एवं  रोटरी के इस पूरे अभियान के प्रमुख सहयोगी एवं सुभान प्रिंट्स के भरत गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।