हाजीपुर: समस्तीपुर मंडल के जयनगर और नेपाल के कुर्था के बीच 34.50 किलोमीटर लंबे नव-आमान परिवर्तित रेलखंड पर रविवार को लोकोमोटिव द्वारा 110 किमी प्रतिघंटा की गति से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल किया गया। इसके बाद भारत-नेपाल रेल संपर्क सेवा और बेहतर होगी।

इस दौरान इरकॉन और नेपाल रेलवे के वरिष्ठ उच्चाधिकारीगण उपस्थित थे। स्पीड ट्रायल के सफल होने के बाद अब रेल सुरक्षा आयुक्त निरीक्षण करेंगे। रेल सुरक्षा आयुक्त के हामी भरने के बाद और भारत और नेपाल के बीच सहमति के बाद आवश्यक तकनीकी और परिचालन आवश्यकताओं को पूरा कर के जल्द ही ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जायेगा।

विदित हो कि भारतीय रेल संचालन और रख-रखाव की प्रक्रिया आदि की जानकारी साझा कर बड़ी रेल लाइन यात्री सेवा के संचालन में नेपाल को पूर्ण सहयोग दे रही है।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने जानकारी दी कि भारत-नेपाल मैत्री रेल परियोजना के तहत पहले चरण में आमान परिवर्तित 34.50 किलोमीटर लंबा जयनगर-कुर्था (नेपाल) रेलखंड लगभग 619 करोड़ की अनुमानित लागत वाली जयनगर- बिजलपुरा-बर्दीबास (69.08 किमी) रेल परियोजना का एक भाग है। इस परियोजना के पहले चरण में बिहार के मधुबनी जिले के जयनगर स्टेशन को नेपाल के कुर्था से जोड़ा जाएगा। भविष्य में इसका विस्तार कुर्था से लगभग 18 किलोमीटर आगे बीजलपुरा तक किया जाएगा। यह परियोजना दोनों देशों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।