बिहार, 26 मई, 2021: कहने को तो हम 21वीं सदी में हैं, लेकिन आज भी डायान – बिसाही के नाम पर महिलाओं के साथ होने वाला अत्याचार हमें शर्म में डुबोने के लिए काफी है। बिहार में विकास की बयार और सामाजिक चेतना  को लेकर कई तरह के दावे होते आ रहे हैं मगर वास्तव में इससे विपरीत घटनाएं सामने आती हैं जिससे सारे दावे झूठे साबित हो जाते हैं। जमुई में कुछ ऐसी ही घटना सामने आई है, अन्धविश्वास की वजह से गांव वाले ने 10वीं और 12वीं में पढ़ रही दो लड़कियों के साथ ऐसी निर्ममता दिखाई है, जो की एक सभ्य समाज को बिलकुल भी शोभा नहीं देता है।

सिमुलतला थाने से आई सूचना के अनुसार गादी टेलवा गांव में राकेश साह के पांच महीने के बेटे सत्यम की किसी वजह से मौत हो गई। बच्चे के अचानक मृत्यु से घबराए परिवार वालों ने उसे तांत्रिक के पास लेकर चले गए। उस तांत्रिक ने उन्हें बताया कि इस बच्चे की हत्या किसी डायन ने की है। उस तांत्रिक ने यह सलाह दी कि बच्चे के मृत शरीर को नदी के किनारे रेत में दबा दे। जिस डायन ने इस बच्चे की जान ली वह आवश्य ही उसे खाना खिलाने रात में वहां आएगी। बच्चे को मिट्टी में दफ़नाने के बाद तांत्रिक की सलाह पर वहां कुछ लोग रुके थे।

12 बजे रात के बाद नदी के किनारे दो लड़कियां जाती दिखी। उन लड़कियों को देखते ही गांव वालो ने उन्हें बंधक बना लिया और गांव लेकर आ गए। इसके बाद दफनाएं हुए बच्चे को निकालकर लाया गया और दोनों लड़कियों पर यह दवाब बनाने लगे कि वे उस मृत बच्चे को जिंदा करें। लड़कियों ने बताया कि वे बगल के गांव घांसीतरी की रहने वाली हैं और वे दोनों शौच करने नदी के किनारे आई थी। मगर अंधविश्वास से घिरे लोगों ने दोनों लड़कियों के कपड़े फाड़ दिए और उनके बाल भी काट दिए। इतना ही नहीं गांव वालों ने दोनों लड़कियों की खूब पिटाई की और उनके शरीर के कई अंगों को बेहद नुकसान पहुंचाया।

सूचना मिलने पर झाझा सर्किल इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह पुलिसबल के साथ गांव पहुंचे तो गांव के लोगों ने उन्हें भगा दिया। इस घटना के बाद SSB के जवानों की टीम बुलाई गई और दोनों लड़कियों को छुड़ाया गया। इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह के अनुसार लड़कियों का बयान लेने के बाद उन्हें इलाज के लिए झाझा भेज दिया गया है। गांव के 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। पुलिस ने बताया दोनों लड़कियां चचेरी बहने हैं। लड़कियों से पूछताछ में लड़कियों ने यह भी बताया कि वह शौच के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वह अपने प्रेमी कृष्णा से मिलने नदी किनारे पहुंची थी।