पटना, अप्रैल 23, 2021: बिहार की उपमुख्यमंत्री श्रीमती रेणु देवी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  द्वारा ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ को मई और जून के लिये फिर से शुरु करने के लिये धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से देश के 80 करोड़ लाभार्थियों को दो माह तक 5 किलो निःशुल्क खाद्यान्न दिया जायेगा। जिसमे 26 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल गरीब कल्याण के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कोरोना के संकट काल मे जनहित में लिए गए इस निर्णय के लिए उपमुख्यमंत्री ने  प्रधानमंत्री जी को साधुवाद दिया है।

पिछले वर्ष भी देश में जैसे ही कोरोना संकट की स्थिति बनी, लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए देशहित में लॉकडाउन लगाया गया था। कल-करखाने बंद हो रहे थे व बड़ी संख्या में प्रवासी घर लौट रहे थे। ऐसे में जरूरतमंदों के सामने सबसे बड़ी समस्या उनके भोजन की थी। उस समय भी मोदी सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन देने की योजना लाकर गरीब परिवारों को बड़ी राहत दी थी।

उपमुख्यमंत्री रेणु देवी  ने कहा कि मोदी सरकार आपदा में देशवासियों के साथ खड़ी है। कोरोना पर देश निश्चित विजय प्राप्त करेगा। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एक बार फिर PM गरीब कल्याण योजना को विस्तार देने का केंद्र सरकार का फैसला वंदनीय है।