हाजीपुर, 29 जून 2021: पूर्व मध्य रेलवे ने वर्ष 2020-21 में विशिष्ट एवं उत्कृष्ट सेवा के लिये मुख्यालय में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। इसके अलावा, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन हेतु विभागों, मण्डलों के मध्य दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड भी प्रदान किया गया।

हाजीपुर मुख्यालय प्रागंण स्थित ‘वैशाली प्रेक्षागृह‘ में कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए ‘‘66वां रेल सप्ताह” का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अशोक कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जेकेपी सिंह सहित मुख्यालय एवं सभी मंडलों के उच्चाधिकारीगण तथा रेलकर्मी उपस्थित थे।

इस अवसर पर ललित चंद्र त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय रेल को देश की जीवन रेखा होने का गौरव प्राप्त है। 16 अप्रैल 1853 को यात्रा प्रारम्भ कर, अब तक भारतीय रेल 65 हजार किलोमीटर से भी अधिक रेलवे लाइनों के तंत्र ने, न केवल देश को एक सूत्र में पिरोया, वरन् आर्थिक और सामाजिक उन्नति में भी इसकी प्रमुख भूमिका रही है। भारतीय रेल के इस प्रगति में हमारे रेलकर्मियों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके इस योगदान के मद्देनजर उनके उत्साहवर्द्धन हेतु रेलकर्मियों को आज पुरस्कृत किया जा रहा है।

महाप्रबंधक ने कहा कि पूर्व मध्य रेल अपनी स्थापना काल से अब तक के अविस्मरणीय सफर के दौरान कई उपलब्ध्यिां हासिल कर चुका है। सभी रेलकर्मियों के लगन, परिश्रम एवं सहयोग से कोविड की कठिन चुनौतियों के वाबजूद वित्तीय वर्ष 2020-21 में इसमें गति आई।

पूर्व मध्य रेल अपनी स्थापना काल से अब तक के अविस्मरणीय सफर के दौरान कई उपलब्ध्यिां हासिल कर चुका है। वर्ष 2021-21 में 140.17 मिलियन टन का लदान किया गया। इस दौरान धनबाद मंडल ने 133.42 मिलियन टन लदान से 14,297 करोड़ रुपये की आय प्राप्त की जो वित्तीय वर्ष 2020-21 में कोविड-19 की चुनौतियों के बावजूद माल लदान से सर्वाधिक आय प्राप्त करने वाला भारतीय रेल का पहला मंडल बन गया। वाणिज्यिक दृष्टि से भी वर्ष 2020-21 पूर्व मध्य रेल के लिए उपलब्धियों से भरा  रहा। वित्तीय वर्ष 2020-21 में पूर्व मध्य रेल ने लगभग 16,469 करोड़ रूपयों का प्रारंभिक आय अर्जित किया है। रेल अवसंरचना के विकास के क्षेत्र में भी काफी प्रगति की है। इस क्रम में 132 ट्रेनों की अधिकतम गति सीमा को 110 किमी/घंटा से बढ़ाकर 130 किमी/घंटा की गई है। इससे बड़ी संख्या में यात्री लाभान्वित हुए हैं। वर्ष 2020-21में 219 प्रमुख परिवर्तनों के साथ 33 नए आर.आर.आई., पी.आई., ई.आई. को चालू किया, जो न केवल पूर्व मध्य रेल बल्कि संभवतः पूरे भारतीय रेल के लिए एक वर्ष में सर्वाधिक है।

इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अशोक माहेश्वरी, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल एवं पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय सहित मुख्यालय एवं पांचों मण्डलोें से आए उच्चाधिकारीकण उपस्थित थे।