पटना, जनवरी 22, 2020: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा के बाद शुक्रवार को बिहार के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है।

राज्यस्तरीय पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ जिला निर्वाचन पदाधिकारियों में औरंगाबाद, खगड़िया, कटिहार, गया तथा मुज्जफरपुर का चयन किया गया है।

बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक तथा उपचुनाव एवं बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2020 में प्रभावी प्रबंधन हेतु विशेष अवाॅर्ड के लिए पटना प्रमंडल आयुक्त संजय अग्रवाल का चयन किया गया है। इसके अतिरिक्त कुंदन कुमार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी पश्चिमी चंपारण तथा पंकज दीक्षित, निदेशक तकनीकी, उद्योग विभाग (तत्कालीन रोहतास जिला निर्वाचन पदाधिकारी) को भी विशेष अवाॅर्ड हेतु चयनित किया गया है।

निर्वाचन विभाग से निर्वाचन प्रबंधन के लिए उपनिर्वाचन पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी तथा राज्य स्तर पर कोरोना काल में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं मतदाता जागरुकता (स्वीप) हेतु नीति निर्माण करने व उसका क्रियान्वन करने के लिए अवर निर्वाचन पदाधिकारी कपिल शर्मा का चयन किया गया है।

इसके अतिरिक्त सभी 243 विधानसभा से सर्वश्रेष्ठ सात निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों का चयन किया गया है जिन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका निभाई है। सभी 243 विधानसभा से 10 सर्वश्रेष्ठ मतदान केन्द्र पदाधिकारियों का भी चयन किया गया है। नरेन्द्र कुमार, सिस्टम एनालिस्ट-सह-प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र को भी विशेष अवाॅर्ड दिया गया है। पटना स्थित दिव्यांगों की संस्था आशादीप पुर्नवास केन्द्र को सीएसओं कैटेगरी के तहत अवाॅर्ड दिया गया है।

चयनित सभी पदाधिकारियों को पुरस्कार का वितरण आगामी 25 जनवरी को आयोजित होने वाले 11वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पटना में राज्य स्तरीय समारोह में किया जायेगा।