पटना: जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में बिहार प्रदेश जदयू के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आह्वान किया कि वे (जदयू पदाधिकारी) लोगों के बीच जाएं। कहां क्या कमी रह गई, ये जानने की कोशिश करें और तत्काल उसकी सूचना दें ताकि समाधान का प्रयास किया जा सके। जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम को भी फिर से शुरू किया गया है ताकि लोगों की परेशानियों से हम वाकिफ होते रहें।

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह एवं जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने जूम ऐप के माध्यम से संबोधित किया, जबकि केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, राज्यसभा सदस्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी एवं पूर्व मंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मेश्वर राय ने बैठक को कर्पूरी सभागार में उपस्थित होकर संबोधित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश कमिटी में एक तिहाई से ज्यादा महिलाओं को स्थान दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बात हो, पिछड़े-अतिपिछड़े, दलित-महादलित या अल्पसंख्यकों की बात हो, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी की बात हो, सड़क, पुल, शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों का निर्माण हो, कृषि के विकास के लिए किए गए कार्य हों – हमारी सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है। कोई भी काम करते हुए हमने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। हर क्षेत्र, हर इलाका, हर जाति, हर वर्ग, हर समुदाय के लिए एक समान काम किया। महिलाओं को हमने हर तरह से सबल बनाया। आज पुलिस बल में जितनी महिलाएं हमारे यहां हैं, उतनी कहीं नहीं। हमसे पहले जो थे उन्होंने क्या किया? जब उन्हें मौका मिला तो अपनी जगह उन्होंने अपनी पत्नी को बना दिया, लेकिन महिलाओं के लिए क्या किया?

नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ लोग अपनी पब्लिसिटी के लिए हम पर बोलते रहते हैं। उनके पास न तो कोई तथ्य होता है, न किसी बात की जानकारी होती है। राजनीति हमलोगों के लिए सेवा का जरिया है। लोगों की सेवा करना ही हमारा धर्म है।

उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया एंटी सोशल हो गया है। नई पीढ़ी के लोग खास तौर पर इसका ध्यान रखें और नई तकनीक से भी लोगों तक अपनी बात पहुंचाएं। कोरोना के संभावित तीसरे दौर को लेकर उन्होंने कहा कि इसको लेकर सचेत रहें और लोगों को जागरुक करते रहें। उन्होंने कहा कि सबलोग मिलकर काम करेंगे तो केवल अपने राज्य को नहीं, देश को भी बढ़ाने का काम करेंगे।

नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने पर बधाई दी और कहा कि उनके पास काफी अनुभव है और उन्हें विश्वास है कि वे बहुत अच्छा काम करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने जैसे अपनी सरकार के माध्यम से महिलाओं को स्थान और सम्मान दिया, वैसे ही हमलोगों ने पार्टी में भी महिलाओं को 33% से ज्यादा जगह दी। आगे हमारी कोशिश होगी कि महिलाओं को 50% जगह दें। उन्होंने कहा कि अपने नेता की सोच के अनुरूप हमने संगठन में भी न्याय के साथ विकास और समावेशी विकास को लागू किया। सभी पदाधिकारियों से उन्होंने कहा कि समाज से हमारा संपर्क और संवाद कायम रहे। हमें हर जिला, प्रखंड, पंचायत और सबसे अधिक बूथ का ध्यान रखना है। हम सभी अपने-अपने घर में पार्टी का झंडा जरूर लगाएं।

आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के काम की मिसाल पूरे देश में नहीं है। देश की पहली कृषि नीति हो, रेलवे का कायाकल्प हो या बिहार की नई पहचान गढ़ना, उनके काम का कोई जोर नहीं। यहां तक कि उन्होंने हर आपदा को भी अवसर में तब्दील किया है। आगे उन्होंने कहा कि संगठन है तभी पार्टी है। भले ही आज मुझे दिल्ली में दायित्व मिला हो, लेकिन वे संगठन की मजबूती के लिए काम करते रहेंगे