हाजीपुर: पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल (डीडीयू मंडल) माल परिवहन में वृद्धि के साथ-साथ व्यापारियों की सुविधा एवं लाभ के लिए काम किया जा रहा है। इसके लिए मंडल में विशेष बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट भी गठित है। डीडीयू मंडल क्षेत्र के विभिन्न उद्यमियों एवं व्यापारियों से निरंतर संपर्क कर उन्हें माल परिवहन संबंधी रेल सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है तथा रेल सेवाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) राकेश कुमार रौशन द्वारा मंडल क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गावती इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स का दौरा किया गया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक के साथ वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सुधांशु रंजन व मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार मौजूद रहे। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा एनयू विस्टा, कनोडिया लिमिटेड, यश लक्ष्मी सॉल्वेंट प्राइवेट लिमिटेड, रोज मेरी सहित अन्य विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर जाकर उनके प्रतिनिधियों से वार्ता की गई। वार्ता के दौरान माल परिवहन संबंधी रेलवे द्वारा दी जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं रियायतों की जानकारी देने के साथ-साथ औद्योगिक प्रतिष्ठानों की आवश्यकता को लेकर चर्चा की गई तथा उद्योग प्रतिनिधियों को रेल सेवाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही विशेष रूप से सीमेंट व राइस ब्रान डीओसी सहित अन्य सामग्रियों के रेल से परिवहन की संभावनाओं का जायजा लिया गया।

उद्योगों एवं व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल गंभीरतापूर्वक कार्य कर रहा है। डीडीयू मंडल में माल परिवहन सुविधा में विस्तार के क्रम में दुर्गावती स्टेशन पर नया गुड्स शेड विकसित किया जा रहा है। अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार रौशन द्वारा आज इस गुड्स शेड के निर्माण की कार्य प्रगति का जायजा भी लिया गया। दुर्गावती गुड्स शेड विकसित हो जाने पर स्थानीय उद्यमियों व व्यापारियों को रेल से माल परिवहन में सुविधा होगी जिससे उनको लाभ होगा।