पटना, 7 जून 2021: यास चक्रवात के कारण कई प्रखंडों के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री और भाजपा सांसद राम कृपाल यादव सोमवार को चक्रवात से प्रभावित धनरुआ प्रखंड के ग्राम नदपुरा, रमजानीचक, मोरियाँवा का दौरा कर किसानों से मुलाकात की।
सांसद ने कहा कि यास चक्रवात से कई प्रखंडों में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। 100 मिलीलीटर वर्षा होने से खेतों में पानी भर मक्का, प्याज, चीना, सब्जी सहित अन्य फसलों का नुकसान हुआ है। कृषि विभाग ने पंचायतवार हुए क्षति का आकलन किया है। किसानवार सूची तैयार की जा रही है। धनरूआ प्रखंड में 975 एकड़ में मूंग, 822 एकड़ में प्याज, 512 एकड़ में सब्जी, 465 एकड़ में मक्का और 150 एकड़ में चीना सहित कई फसलों का नुकसान हुआ है।
उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार को निर्देश दिया कि फसल क्षति का मुआवजा देने के लिए बन रही सूची में सभी पात्र किसानों का नाम दर्ज होने चाहिए। गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने कहा कि इन दिनों सरकार द्वारा धान के बीज का भी वितरण किया जा रहा है। सांसद ने सभी किसानों को इस पर नज़र रखने का आह्वान किया है। कोई भी गड़बड़ी होने पर तुरंत सूचना देने की भी अपील की।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रणधीर यादव, धनरुआ मंडल के अध्यक्ष रंजन यादव, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष वेद प्रकाश, शशिभूषण मुखिया जी, मो शाहिद, ललन आजाद , सुधीर शर्मा, पिंकू सिंह, रमेश सिंह साथ में थे।