हाजीपुर, 30 जून 2021: पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी 40 वर्षों से ज्यादा रेलवे को उत्कृष्ट सेवा देने के उपरांत 30 जून, 2021 को रेल सेवा से सेवानिवृत्त हो गये। रेल, वाणिज्य, उद्योग एवं खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री पीयूष गोयल ने सम्पूर्ण भारतीय रेल से सेवानिवृत्त हो रहे 3865 अधिकारियों व कर्मचारियों को नई दिल्ली से वीडियो लिंक के माध्यम से भावभीनी विदाई देते हुये उनके सुखमय भविष्य की कामना की। मंत्री रेल पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में महाप्रबंधक एल सी त्रिवेदी को भारतीय रेल का सबसे होनहार अधिकारी बताया।

उन्होंने कहा कि एल.सी. त्रिवेदी रिटायर्ड जरूर हो रहे हैं लेकिन वह टायर्ड नहीं हुए हैं। रेल में उनके 40 वर्षों का अनुभव काफी कारगर सिद्ध हो इसके लिए रेल से जुड़े रहने का सुझाव दिया। रेलवे बोर्ड के एनजीओ, जो रेल सहयोग के रूप में जानी जाती है, जिसमें अमूमन रेलवे के रिटायर्ड वरीय अधिकारी रजिस्टर्ड होते हैं। माननीय रेलमंत्री ने त्रिवेदी को रेल सहयोग में रजिस्टर्ड होने की अपील की और एक गेस्ट फैकेल्टी के रूप में रेलवे के ट्रेनिंग सेंटरों में खासकर नायर एवं अन्य संस्थाओं में ट्रेनिंग देने के लिए सुझाव दिया। रेल मंत्री ने कोविड के दौरान रेलवे की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस सेवा का एक मार्ग बना। पिछले वर्ष कोविड के बावजूद भारतीय रेल ने रिकॉर्ड लोडिंग की। इस दौरान 1233 मिलियन टन की लोडिंग हुई जो एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना।

इसके पूर्व ईस्ट सेंट्रल रेलवे ऑफिसर्स एसोसिएशन, मान्यता प्राप्त यूनियन, पांचों मंडल के मंडल रेल प्रबंधक व रेलकर्मियों ने महाप्रबंधक को भावभीनी विदाई दी। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा महाप्रबंधक की विदाई पर उनके सम्मान में सलामी परेड दी गयी। विदित हो कि ललित चंद्र त्रिवेदी ने 06 मार्च 2018 को पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया था। तब से अब तक महाप्रबंधक के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पूर्व मध्य रेल द्वारा प्रत्येक क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित किया जा सका। ललित चंद्र त्रिवेदी के कार्यकाल में पूर्व मध्य रेल ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इनके कार्यकाल में पूर्व मध्य रेल की कार्य संस्कृति में काफी सुधार आया तथा साथ ही कार्यालय में समय-पालन, अनुशासन एवं कर्त्तव्यों तथा लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ी।