पटना, 6 जून 2021: पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कंपलेक्स और होटल पाटलिपुत्र अशोक को टीकाकरण के लिए दो ऐसे केंद्र बनाए गए हैं जहां 24 घंटे निरंतर टीका दिए जाने की व्यवस्था की गई है।जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने आम लोगों की सुविधा का ध्यान में रखते हुए 24×7 टीकाकरण की व्यवस्था हेतु चयन किया है।
जिलाधिकारी ने दोनों केंद्रों का भ्रमण कर तैयारी का जायजा लिया तथा अधिकारियों को 8 जून से इन दोनों केंद्रों पर टीकाकरण की 24×7 व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए तीन पालियों में पर्याप्त संख्या में वैक्सीनेशन टीम -डॉक्टर, एएनएम एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति की गई है। वैक्सीनेशन सेंटर पर 18 वर्ष से 44 आयु वर्ग के व्यक्तियों का तथा 45 प्लस आयु के व्यक्तियों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। 18 वर्ष से 44 आयु वर्ग के व्यक्तियों के लिए सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक प्री-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है तथा शाम 5:00 बजे से दूसरे दिन 9:00 बजे तक ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन एवं टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
इस आयु वर्ग के व्यक्ति को दिन में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक टीकाकरण हेतु अपना निबंधन करा कर निर्धारित स्लॉट के अनुसार केंद्र पर टीकाकरण हेतु जाना है जबकि शाम 5:00 बजे से दूसरे दिन सुबह 9:00 बजे तक ऑन स्पाट रजिस्ट्रेशन एवं टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। साथ ही 45 प्लस वाले व्यक्तियों के लिए ऑन स्पॉट निबंधन एवं टीकाकरण की व्यवस्था है। दोनों केंद्रों पर पहला डोज एवं द्वितीय डोज के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता सामान्य एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को दोनों केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर 8 जून से दोनों केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने केंद्र पर कोविड मानक का भी पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
पटना जिला में अब तक 11,55,199 व्यक्ति टीकाकृत हुए हैं। इसमें से 18-44 वाले 2,05,359 व्यक्ति तथा 45+ वाले 7,25,669 व्यक्ति टीकाकृत हुए हैं। पहला डोज के 8,45,805 तथा दूसरा डोज के 3,09,394 व्यक्ति का टीकाकरण हुआ है। हेल्थ केयर वर्कर 1,17,321 व्यक्तियों का तथा फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में 1,06,850 व्यक्तियों का टीकाकरण हुआ है जो महत्वपूर्ण उपलब्धि को दर्शाता है। टीकाकरण में पटना जिला का राज्य स्तर पर पहला स्थान कायम है। इस उपलब्धि को प्राप्त करने हेतु जिलाधिकारी द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में संचालित टीकाकरण अभियान का नियमित अनुश्रवण एवं समीक्षा कर प्रतिदिन के कार्यों में प्रगति लाई जा रही है। टीकाकरण अभियान को गति देने हेतु रणनीतिक पहल के तहत जिलाधिकारी द्वारा जिला, अनुमंडल, प्रखंड, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
इस क्रम में जिलाधिकारी ने टीपीएस कॉलेज और आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया तथा लोगों से फीडबैक प्राप्त किया। टीकाकरण के लिए उपस्थित लोगों ने जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था पर संतोष प्रकट किया गया तथा सराहनीय बताया गया।