लखनऊ, 21 जून, 2021: उत्तर प्रदेश में एक बड़ा मामला सामने आया है। हजार से ज़्यादा लोगों को मुसलमान बनाने की जानकारी मिली है। उत्तर प्रदेश एटीएस ने दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ केस दर्ज किया है।

अपर पुलिस महानिदेशक एटीएस तथा कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मतांतरण का बड़ा खेल चल रहा है। यहां पर हमको गैर मुस्लिमों को मुस्लिम बनाने की जानकारी मिली तो हमने एटीएस को सक्रिय किया। प्रदेश में सोची समझी साजिश के तहत इस प्रकार का मतांतरण किया जा रहा है। मतांतरण के मामले में बड़ी तफ्तीश जारी है। इस मामले में पकड़े गए आरोपितों ने एक हजार लोगों का धर्म परिवर्तन कर उन्हें मुस्लिम बनाने की बात स्वीकार की।

उमर तथा जहांगीर ने बताया कि इन लोगों ने धन का लालच देकर एक हजार से अधिक लोगों का मतांतरण करवाया है। इनको आइएसआइ से इस काम के लिए फंडिंग होती थी। यह लोग ज्यादा मूक और बधिर बच्चों और महिलाओं को अपना शिकार बनाते थे। इसके के लिए एक पूरा गिरोह काम कर रहा था। इस गिरोह के और भी कई राज्यों में सक्रिय होने की खबर सामने आई है।

उत्तर प्रदेश की एटीएस टीम करीब चार दिन से इनसे पूछताछ करके सुबूत जुटा रही थी। पकड़े गए मौलाना जहांगीर और उमर गौतम लखनऊ के बड़े मुस्लिम संस्थान से जुड़े हैं। एटीएस अफसरों के मुताबिक यह गरीब हिंदुओं को निशाना बनाते थे। दोनों मौलाना का दावा है कि यह तो इस्लामिक सेंटर के नाम से संस्था चलाते हैं। ये दोनों मौलाना नोएडा डेफ सोसायटी में संचालित मूक बधिर स्कूल के बच्चों को बहला-फुसलाकर और प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन करवा चुके हैं।

प्रशांत कुमार ने बताया कि फिलहाल तो एटीएस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार दिल्ली के जामियानगर के मोहम्मद उमर गौतम और मुफ्ती काजी जहांगीर आलम कासमी पर गंभीर धारा में केस दर्ज किया गया है। अब इनसे पूछताछ में और भी लोगों के नाम सामने आएंगे। अब यूपी एटीएस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। तीन जून को दिल्ली के डासना मंदिर में दो मुस्लिम लड़कों ने पुजारी पर हमले का प्रयास किया गया। इसके बाद दोनों को जब पकड़ा गया तो मौलाना उमर और जहांगीर के बारे जानकारी मिली।

माना जा रहा है कि इनके कनेक्शन उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य कई राज्यों से भी थे। मोहम्मद उमर गौतम पुत्र स्वर्गीय धनराज सिंह गौतम भी 70 के दशक में मुसलमान बना था। इसके बाद से यह दिल्ली गया और इस अभियान में लग गया।