जयपुर, 23 मार्च 2022:  राजस्थान विधान सभा में शुक्रवार 25 मार्च को प्रात: 11 बजे सर्वश्रेष्ठ विधायकों का सम्मान किया जायेगा। विधान सभा अध्युक्ष डॉ. सी.पी.जोशी ने बताया कि वर्ष 2019 के लिये विधायक श्री ज्ञानचन्द पारख, वर्ष 2020 के लिये विधायक श्री संयम लोढा और वर्ष 2021 के लिये विधायक श्री बाबूलाल व विधायक श्रीमती मंजू देवी को सम्मानित किया जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल श्री जगदीप धनखड होंगे।
संसदीय लोकतंत्र के उन्नयन में राज्यपाल एवं विधायकों की भूमिका  विषय पर सेमीनार – राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में  संसदीय लोकतंत्र के उन्नयन में राज्यपाल एवं विधायकों की भूमिका विषय पर सेमीनार आयोजित होगी। राजस्थान विधान सभा और राष्ट्र मण्डल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी ने बताया कि यह सेमिनार 25 मार्च को प्रात: 11 बजे से राजस्था्न विधान सभा में होगी। कार्यक्रम में मुख्य मंत्री श्री अशोक गहलोत, संसदीय कार्य मंत्री श्री शांति कुमार धारीवाल और नेता प्रतिपक्ष श्री गुलाबचन्दन कटारिया सहित विधायकगण, पूर्व विधायकगण और गणमान्य  नागरिकगण भाग लेंगे।