नई दिल्ली, 21 मई, 2021: दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर राणा का झगड़े के दौरान हुए मर्डर के केस में फरार हुए मुख्य आरोपी ओलंपीक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार के बारे में नया खुलासा हुआ है। फॅारेंसिक साइंस लैब ने अपने रिपोर्ट में मोबइल की उस वीडियो को सही बताया है जिसमें सुशील अपने साथियों के साथ पहलवान सागर राणा की पिटाई करता दिख रहा है।

ऐसा आरोप है कि चार मई की रात सुशील और उसके साथियों ने 23 साल के सागर राणा सहित चार लोगों का अपहरण किया। अपहरण कर छात्रसाल स्टेडियम में जाकर उनकी खूब पिटाई की थी। उन्हीं हमलावरों में से एक प्रिंस दलाल ने इस घटना की वीडियो बना ली थी। जब तक पुलिस वहां पहुंची बाकी सब भाग गए बस प्रिंस पकड़ा गया। तालाशी के समय प्रिंस के पास से मोबइल मिला। फोन में वीडियो मिला जिसमें सुशील कुमार अपने साथियों के साथ-साथ पिटाई करता दिखा।

फॅारेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट के अनुसार घटना वाले दिन बनाया गया वीडियो प्रामाणिक है। इस वीडियो के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।

दिल्ली पुलिस ने यह घोषणा की है कि जो सुशील कुमार की खबर देगा उन्हें एक लाख रूपए का इनाम दिया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि मामले में फरार चल रहे सुशील कुमार के साथी अजय कुमार की गिरफ्तारी पर भी 50 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया है। इसकी घोषणा पुलिस ने सोमवार को की। पिछले हफ्ते दिल्ली की अदालत ने इस मामले में सुशील कुमार और अन्य छह लोगों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया था। कुछ समय पहले पहलवान सुशील कुमार के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी हुई थी। पुलिस ने पीड़ितों के बयान पहले ही दर्ज कर लिया है। झगड़ा दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में एक फ्लैट खाली करने को लेकर हुई थी।

पुलिस के अनुसार, इस घटना के मामले में सुशील कुमार, अजय कुमार, प्रिंस दलाल, सोनू, सागर, अमित और अन्य शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में इंडियन पिनल कोड और आर्म्स एक्ट की कई धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।