पटना: पटना एम्स के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 से प्रारम्भ होकर बकरपुर, मानिकपुर, साहेबगंज, अरेराज को जोड़ते हुए बेतिया के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 727 तक नये राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 के रुप में अधिसूचित किया गया है। ये जानकारी बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने दी। साथ ही उन्होंने इसके लिए नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

नवीन ने बताया कि उक्त पथ के राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अधिसूचित होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की दूरी कम होगी। इससे पटना से बेतिया की दूरी मात्र दो घंटे में तय की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त उत्तर बिहार के प्रमुख पर्यटक स्थल वैशाली, लौरिया एवं केसरिया को भी आपस के सम्पर्कता प्रदान होगी, जिससे पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।

नवीन ने कहा कि इस पथ में जेपी सेतु के समानान्तर एक नया 4 लेन पुल का निर्माण होगा। सोनपुर बाईपास से माणिकपुर तक लगभग 40 किमी का ग्रीन फील्ड पथ विकसित होगा। इसमें कई जगहों पर बाईपास का प्रावधान भी रहेगा, जिससे यातायात सुगम हो सकेगा।

नवीन ने कहा कि इसके अधिकांश पथांशो के लिए आवश्यक भूमि अग्रिहण की कार्रवाई प्रगति में है। संबंधित जिला भू अर्जन पदाधिकारियों को शीघ्र पंचाट घोषित कर राशि वितरित करने का निदेश दिया गया है। उक्त नव घोषित राष्ट्रीय उच्च पथ के माणिकपुर-सोहबगंज एवं साहेबगंज-अरेराज पथांश की निविदा 2 माह के अन्दर निर्गत किए जाने हेतु एनएचएआई के पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है।