भोपाल: सोमवार, 8 मार्च, 2021: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिये गम्भीर प्रयास किये जाएंगे। महिला सशक्तिकरण के प्रतीक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम को यादगार बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा इस दिन प्रात: वृक्षारोपण से लेकर महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम ‘नारी तू नारायणी’ में महिलाओं की सशक्त भागीदरी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा इन सभी कार्यक्रमों में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह की भी सक्रिय सहभागिता रहेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिन भर आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव श्री मनोज श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव श्री मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव श्री मनोज गोविल, मुख्यमंत्री के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी श्री मंकरन्द देउस्कर और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी मौजूद थे। राज्य शासन के सभी अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, महिला-कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक, आर्थिक उन्नति, रोजगार, समानता, बेटी-बचाओं, आदि विभिन्न महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्त्री-पुरूष लिंगानुपात चिंता का विषय है। समाज में महिलाओं की संख्या बढ़नी चाहिये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला स्व-सहायता समूहों को अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिये। समूहों के कार्यों को विश्व स्तर तक पहुँचाने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि लोकल को वोकल बनाने में सहयोग करें। महिला सशक्तिकरण दिवस के कार्यक्रम में संघर्ष से सफलता तक पहुँची महिलाओं को सम्मान मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक में प्रत्येक विभाग अंतर्गत महिला सशक्तिकरण की कार्य-योजना बनाने के निर्देश दिये और अब-तक किये गये कार्यों, कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी ली।