पटना, 11 मई, 2021: रमजान का 27वां रोजा सोमवार को पूरा हुआ। रमजान की सबसे महत्वपूर्ण पांच रातों में से अंतिम रात शव ए कद्र मंगलवार की रात को होगी। 12 मई को ईद का चांद दिखेगा यह बात विभिन्न धार्मिक संगठनों के द्वारा की गई है। अगर 12 मई को चांद दिखा तो 13 मई को ईद होगा। 12 मई को यदि चांद नजर नहीं आया तो 14 मई को ईद होनी तय है। ये बातें इस्लामिक शिक्षाविदों ने कही है। उन्होंने लोगों को कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी कोरोना के खतरे को देखते हुए ईद की नमाज घरों में पढ़े। गले मिले बिना और हाथ मिलाये बिना ईद मनाएं।

जमात इस्लामी हिन्द बिहार के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना रिजवान अहमद इस्लामी ने लोगों से अपील की और कहा कि  कोरोना से बचने और दूसरों को बचाने के लिए लॉकडाउन के नियमो का सख्ती से पालन करें। ईद की नमाज अपने घर पर पढ़े। घर में चार या उससे ज्यादा लोग होने पर जमात कर लें। कोरोना के खत्म होने और परेशान इंसानो की मदद करने के लिए अल्लाह से दुआ करें।

खानकाह इमादिया मंगल तालाब के सज्जादानशी सैयद शाह शमीम अहमद मुनएमी ने कहा कि ईद के नाम पर बहुत अधिक खर्च न करें। पुराने और साफ कपड़े पहन कर भी नमाज पढ़ी जा सकती है। खर्च कम कर पैसे बचाएं  और इन पैसो से जरुरतमंदो की मदद करें। उन्होंने कहा की रमजान और ईद की नमाज घर में पढ़े इसमें  ही अल्लाह की मर्जी है।