कोडरमा, 19 जून 2021: नई दिल्ली-रांची राजधानी स्पेशल ट्रेन 02242 शनिवार की सुबह कोडरमा में एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बाख गई। बताया जा रहा है कि झारखंड के मानपुर-कोडरमा खंड पर भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटना हुई, जिससे रेल मार्ग बाधित हो गया। जब यह घटना हुई उस समय नई दिल्ली-रांची राजधानी स्पेशल एक्सप्रेस गुजर रही थी। घटना सुबह 5 बजे के आस पास की है।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा, “बसकटवा ब्लॉक हट-नाथगंज (बीएससीपी-एनजीवाई) घाट खंड के बीच किमी 414/44 पर ट्रैक पर बोल्डर गिरने से रेल यात्रा बाधित हुई है। हालाँकि इससे 02242 नई दिल्ली-रांची राजधानी स्पेशल का लोको क्षतिग्रस्त हुआ है। लेकिन किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। साथ ही किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है और ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं।

घटना की जानकारी 5.17 बजे स्थायी मार्ग निरीक्षक (पीडब्ल्यूआई) गुझंडी ने दी। बोल्डर हटाने के बाद सुबह 8.05 बजे ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ।