पटना, 4 जून 2021: भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ बोलने के कारण विधानपार्षद (एमएलसी) टुन्ना सिंह को निलंबित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने इसकी जानकारी दी।

निलंबन से पहले पार्टी ने टुन्ना सिंह को नोटिस भी जारी किया था। इसके बावजूद भी वो लगातार मुख्यमंत्री पर टिप्पणी कर रहे थे। शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने उन्हें निलंबित कर दिया।

प्रदेश अध्यक्ष की ओर से एक पत्र जारी किया गया। पत्र में लिखा गया, “आपके द्वारा पार्टी के अनुशासन के विरुद्ध बयान दिये जाने के कारण भाजपा अनुशासन समिति के अध्यक्ष श्री विनय सिंह जी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद आपने पार्टी के नियमों के विरुद्ध पुनः एक बयान देकर यह सिद्ध कर दिया है कि आप अपने को पार्टी के दिशा-निर्देश से ऊपर मानते हैं।

अतः आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित किया जाता है।”